फरीदाबाद। प्रगति और प्रकृति के बीच संतुलन ही सतत विकास की असली पहचान है। इसी विचार को धरातल पर उतारते हुए आज रविवार सुबह फरीदाबाद के सेक्टर-9 बाईपास रोड स्थित ग्रीन जोन में एक विशेष वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया, जिनकी अगुवाई में पौधे लगाए गए। इस मौके पर पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता, नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खडगटा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
वातावरण को स्वच्छ, हरित और जीवनदायिनी बनाए रखने की दिशा में दीर्घकालिक जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी ज़ाहिर की गई। ग्रीन जोन के रूप में चिन्हित इस क्षेत्र को एक मॉडल के तौर पर विकसित किया जा रहा है, जहां ना केवल हरियाली फैलेगी बल्कि लोगों में पर्यावरण चेतना भी जागृत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह अभियान कोई औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमारे सोच में आए उस सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है जहां हम केवल विकास की दौड़ में नहीं हैं, बल्कि अब हम सस्टेनेबल डेवलपमेंट यानी प्रकृति और प्रगति दोनों का संतुलन चाहते हैं।
उन्होंने इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने पर्यावरण संरक्षण को नीति.निर्माण का केंद्र बिंदु बनाया। इंटरनेशनल सोलर अलायंस जैसी पहल के माध्यम से भारत ने वैश्विक नेतृत्व करते हुए सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।
विपुल गोयल ने आगे कहा कि भारत ने 450 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी के उत्पादन का लक्ष्य तय किया हैए जो आने वाले वर्षों में दुनिया को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रतिबद्धता का परिचायक होगा। इसी तरह 500 से अधिक अमृत सरोवरों का निर्माण और 75 शहरों में ग्रीन अर्बन मोबिलिटी योजना पर्यावरणीय नीति को जमीनी हकीकत में बदलने के उदाहरण हैं।
इस अवसर पर पार्षद मुकेश अग्रवाल, कुलदीप साहनी, सचिन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, प्रधान रणबीर चौधरी, सुरेंद्र नागर, सतवीर शर्मा, उद्योगपति अरुण बजाज, नवीन तंवर, रमेश मोदी, देवेंदर आदमी, मनोज सिन्हा, कुलदीप सिंह, अजीत नम्बरदार, पंकज सिंगला सहित सैक्टर-9 वासी के अलावा समाजसेवी, आरडब्ल्यू, प्रतिनिधिगण और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की। सभी ने पौधा रोपण किया और उनकी देखरेख का संकल्प भी लिया।