फरीदाबाद। जनता को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आन्दोलनकारी बाबा राम केवल द्वारा चलाई जा रही 45 दिन-45 वार्ड मृत व्यवस्था महोत्सव यात्रा आज वार्ड नम्बर-8 में पहुंची। वार्ड नम्बर-8 में यात्रा के पहुंचने पर बहुजन समाज पार्टी के नेता बिजेन्द्र शर्मा व उनके समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया। यात्रा वार्ड के विभिन्न हिस्सों से निकली जहां पर समाजसेवी गौरव गोयल, समाजसेवी जंगपाल सिंह व पूर्व समाजसेवी स्व. राजेन्द्र दहिया की पत्नी द्वारा स्वागत कर समर्थन का आश्वासन दिया गया। वार्डवासियों को सम्बोधित करते हुए बाबा रामकेवल ने कहा कि फरीदाबाद वासियों की मेहनत की कमाई को चंद भ्रष्ट नेता निगम अधिकारियों के साथ मिलकर लूट रहे है। जिस पैसे से शहर का विकास होना चाहिए था उस पैसे से नेताओं व निगम अधिकारियों का विकास हो रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में समस्याएं मुंह बांए खड़ी है किन्तु भ्रष्ट निगम अधिकारी उनके निराकरण की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रहे है। जलभराव के चलते सात लोगों की हुई मौत पर भी इन अधिकारियों को कोई चिंता नहीं सता रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के एक अधिकारी एक स्कूल के 27 लाख रूपए खा जाती है और अदालत के आदेश के बावजूद उस अधिकारी को उसके पद से निलंबित नहीं किया जाता है। यह सब कुछ सत्ता में बैठे लोगों के साथ भ्रष्ट अधिकारियों के शामिल होने को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मृत व्यवस्था महोत्सव यात्रा को निकालने का उद्देश्य सिर्फ यही है कि जब नेता व अधिकारी अपने जिम्मेदारी से पीछे हट जाए तो जनता को मिलकर सामने आना पड़ता है। इस यात्रा के माध्यम से सभी 45 वार्डों के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बसपा नेता बिजेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह वार्ड नम्बर-आठ के निवासियों का दुर्भाग्य है कि अब तक उन्हें जो भी जन प्रतिनिधि मिले वह सिर्फ अपनी राजनीति ही चमकाने में ही लगे रहे तथा जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। यही कारण है कि वार्ड नम्बर आठ में जिस भी मार्ग से प्रवेश किया जाएगा उस मार्ग पर गंदे पानी के बीच से ही जाने को मजबूर होना पड़ेगा। 15 सालों में इस वार्ड से गंदे पानी की निकासी तक की भी व्यवस्था नहीं करवा पाए। साथ ही में उन्होंने कहा कि इस वार्ड के लोगों की मेहनत की कमाई को टैंकर माफिया लूट रहा है। प्रत्येक परिवार को हर माह कम से कम हजार रूपए का पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है जबकि पेयजल उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी पार्षद व निगम अधिकारियों की बनती है।
उन्होंने निगम अधिकारियों को चेताया कि अगर शीघ्र ही वार्ड नम्बर-आठ के सभी मुख्य मार्गों से गंदे पानी की निकासी नहीं की गई तो न सिर्फ वार्ड में धरना-प्रदर्शन भी किए जाएगें बल्कि निगम अधिकारियों का घेराव भी किया जाएगा।
यात्रा में ऋषिपाल भारद्वाज, आनन्द राज आनन्द, नारायण सिंह, चौधरी मनोज, गांधी जी, प्रमोद भड़ाना, राजू बैंसला के अलावा अन्य कई लोग मौजूद थे।