फरीदाबाद। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम कर्मचारियों ने भोजन अवकाश के समय निगम मुख्यालय पर विशाल विरोध सभा आयोजित कर अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ गौरव अंतिल को आंदोलन का नोटिस व मांग पत्र देते हुए कहा कि सरकार 18 सितंबर तक 29 अक्टूबर 2022 व 5 अप्रैल 2023 के समझौते को लागू करते हुए कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, एलटीसी, वर्दी, तेल साबुन, एसीपी स्केल आदि मांगों को लागू करे व सरकार के स्तर पर पेंडिंग मांगों के पत्र जारी करें, अन्यथा संघ प्रदेश की सभी 60 पालिकाओं, 21 नगर परिषदो 11 नगर निगमों व 89 दमकल केंद्रों पर 19 व 20 सितंबर को काले बिल्ले लगाकर झाडू व झंडों के साथ सरकार की वायदा खिलाफी के विरोध मे जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगें। इसके बाद 25 सितम्बर से 29 सितंबर तक क्रमिक भूख हड़ताल करेंगे यदि सरकार ने इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं किया तो संघ 15 अक्टूबर को रोहतक में राज्यस्तरीय आक्रोश रैली कर निर्णायक आन्दोलन का ऐलान करेगा। आज के इस प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरचरण खांडिया ने की तथा मंच का संचालन सचिव कृष्ण चिंडालिया ने किया। प्रदर्शन में विशेष तौर पर नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, उप महासचिव सुनील चिंडालिया, राज्य सचिव अनूप बाल्मीकि, सर्व कर्मचारी संघ के जिला वरिष्ठ उप प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने विरोध सभा के बाद निगम आयुक्त कार्यालय पर जोरदार झाडू प्रदर्शन भी किया ।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सरकार पर पालिका व अग्निशमन कर्मचारियों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने 29 अक्टूबर 2022 व 5 अप्रैल 2023 को किये समझौते में मानी गई मांगों को लागू नहीं किया गया है, जिस कारण प्रदेश के सभी पालिकाओं, परिषदों, नगर निगमों व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है, कर्मचारियों के आक्रोश को मद्देनजर रखते हुए संघ अब सरकार के खिलाफ निर्णायक आंदोलन करेगा। नपा संघ सरकार के खिलाफ 15 अक्टूबर को रोहतक में होने वाली आक्रोश रैली के मंच से हड़ताल का ऐलान करेगा।
आज के प्रदर्शन में अन्य के अलावा संघ के जिला कार्यकारी प्रधान सुदेश कुमार, रघुवीर चौटाला, सुरेश देवी व ललिता, शहाबुद्दीन, अजय शास्त्री, महेश शर्मा, महेंद्र कुडिया, सुरेश मेलन्दा, शक्ति सिंह, श्रीपाल मौर्य, प्रेमपाल, ज्ञानोदय देवी, शकुंतला कमलेश आदि उपस्थित है।