फरीदाबाद। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की इकाई नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन फरीदाबाद का आगामी 3 वर्षों के लिए होने वाले चुनाव की जिला कमेटी फरीदाबाद ने की चुनाव अधिसूचना जारी।
इस मौके पर नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व संघ के राज्य उप महासचिव सुनील कुमार चिंडालिया, जिला प्रधान दलीप बोहत व जिला सचिव अनिल चिंडालिया उपस्थित रहे।
चुनाव अधिसूचना जारी करते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव अनिल चिंडालिया ने बताया कि संघ के संविधान के अनुसार तीन वर्ष बाद प्रत्येक इकाइयों के चुनाव करवाए जाते हैं। श्री चिंडालिया ने बताया कि संघ के संविधान के अनुसार चुनाव से पहले सभी सफाई कर्मचारियों की संघ की सदस्यता पूरी करवा ली है और जिला कमेटी द्वारा नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन फरीदाबाद के चुनाव के संदर्भ में चुनाव अधिसूचना जारी कर दी है।
संघ के जिला सचिव अनिल चिण्डालिया ने बताया कि संविधान में जो भी नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के पद हैं, उन सभी पर चुनाव करवाया जाएगा और संघ के नियम व शर्तों के अनुसार जो भी कर्मचारी किसी भी पद पर चुनाव लड़ेगा उस कर्मचारी की 2021 से लेकर 2024 तक चन्दा रसीद, सांगठनिक गतिविधियां तथा आंदोलन में भागीदारी की जांच की जाएगी अगर किसी प्रत्याशी की इन तीन वर्षों में चंदे की रसीद, संगठन की गतिविधियों व आंदोलन में भागीदारी नहीं है तो उस प्रत्याशी को अयोग्य माना जाएगा।
चुनाव अधिसूचना के तहत कल 14 दिसम्बर तक वोटर लिस्ट जांच की जाएगी। 16 दिसम्बर 2024 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी। 16 दिसम्बर 2024 को 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 17 दिसम्बर 2024 को नामांकन पत्र की जांच की जाएगी। 18 दिसम्बर 11 बजे से दोपहर 1 तक नामांकन वापस लिए जाएंगे। 18 दिसम्बर 2024 को दोपहर 2 बजे से 3 तक चुनाव चिन्हों का वितरण किए जाएंगे।
इसके बाद 28 दिसम्बर 2024 को प्रात: 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान किया जाएगा। 28 दिसम्बर 2024 को 4 बजे से मतगणना की जाएगी और मतगणना के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
प्रेस को जानकारी देते हुए संघ नेताओं ने बताया कि चुनाव के संबंध में नगर निगम आयुक्त को सभी सफाई कर्मचारी को मतदान करने के लिए 28 दिसंबर का एक दिन का अवकाश घोषित करने का पत्र लिखा है तथा पुलिस प्रशासन में जिला प्रशासन को भी शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव करवाने के लिए पत्र लिखा है। संघ नेताओं ने कर्मचारियों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की।