फरीदाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी 4 मई को शाम 4 बजे फरीदाबाद की एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में स्थित डबुआ सब्जी मंडी में आयोजित जन आभार रैली को संबोधित करेंगे। यह विशाल जनसभा एनआईटी के विधायक सतीश फागना द्वारा आयोजित की जा रही है, जो क्षेत्र की आवाज बनकर निरंतर जनसेवा में लगे हुए हैं। इस रैली में विशेष रूप से शामिल होंगे भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद चौधरी कृष्णपाल गुर्जर, जिनका फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सभी 9 विधानसभाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। एनआईटी के विधायक सतीश फागना ने प्रेस वार्ता कर जन आभार रैली के विषय में जानकारी सांझा की। प्रेस वार्ता में बल्लभगढ़ जिले के जिलाध्यक्ष सोहनपाल सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता कविन्द्र चौधरी, पार्षद भगवान सिंह, मुकेश डागर, राजेश डागर, गायत्री देवी, पार्षद प्रतिनिधि जयवीर खटाना, नीरज भाटिया, महेश लोहिया, सुरेन्द्र भड़ाना, संदीप भड़ाना के अलावा विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष आदि भाजपा नेता उपस्थित रहे।
विधायक सतीश फागना ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह रैली केवल धन्यवाद ज्ञापन का मंच नहीं है, बल्कि यह एनआईटी विधानसभा के भविष्य की नींव रखने वाला एक ऐतिहासिक क्षण है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने दूरदर्शी नेतृत्व में जिस प्रकार से हरियाणा को हर क्षेत्र में विकसित और सशक्त राज्य बना रहे हैं, उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वे इस रैली में एनआईटी क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए नई योजनाओं और बजट घोषणाओं की सौगात देंगे। श्री फागना ने कहा कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे, सडक़ों और गलियों का निर्माण हो, बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो, सीवर, ड्रेनेज और सडक़ों की समस्याओं का स्थायी समाधान मिले, कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और क्षेत्र को एक स्मार्ट, स्वच्छ और समृद्ध विधानसभा के रूप में विकसित किया जाए।
विधायक श्री फागना ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के नागरिकों के प्रति उनके स्नेह, प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। यह रैली न केवल विकास का रोडमैप पेश करेगी, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास और सहभागिता को और मजबूत करेगी। यह रैली आपके, हमारे और पूरे एनआईटी क्षेत्र के उज्जवल भविष्य की शुरुआत है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि रैली में अधिक से अधिक संख्या में आए और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।