फरीदाबाद। दशहरा के पर्व पर तिगांव से भाजपा विधायक राजेश नागर ने आज कई स्थानों पर दशानन रावण के पुतलों का दहन किया। इनमें सेक्टर 37, पुरी प्राणायाम सेक्टर 82 और डिस्कवरी सोसाइटी सेक्टर 80 के दशहरा उत्सव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
रावण के पुतले को अग्नि के हवाले कर विधायक राजेश नागर ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में अहंकार सबसे बुरी बीमारी है। एक महाविद्वान होने के बावजूद रावण को आज एक दानव के रूप में माना जाता है और उसे हर वर्ष बुराई के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। इसका कारण उसका अहंकार ही था। ज्ञान और शक्ति का केंद्र होने के बावजूद रावण अपने अहंकार को काबू नहीं रख पाया और उसने एक के बाद एक गलतियां कीं और उसके आतंक से मानव को मुक्त करने के लिए भगवान को श्रीराम के रूप में धरती पर आना पड़ा। नागर ने कहा कि श्रीराम के रूप में आम मानव को कैसा आदर्श जीवन जीना चाहिएए इसके लिए भगवान ने मर्यादा को अंगीकार किया। जिसके कारण उनके इस अवतार को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया है और उनके चरित्र को लोग चाव से सुनते हैं।
विधायक नागर ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और अंधेरे पर प्रकाश की जीत का पर्व है जो हमें संदेश दे रहा है कि हमारे जीवन में और जीवन के बाद भी हमारा चरित्र ही हमारे नाम से जाना जाएगा। आज लोग अहंकारी रावण के नाम पर अपने बच्चे का नाम नहीं रखते हैं जबकि राम नाम के लोग दीवाने हैं। नागर ने कहा कि हमें अपने चरित्र पर ध्यान देना चाहिए। किसी के दिल को नहीं दुखाना चाहिए और बुराइयों से कोसों दूर रहना चाहिए। उन्होंने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह जनता के सेवक हैं और हमेशा जनता के बीच रहते हैं। उनके घर के दरवाजे सभी के लिए हमेशा खुले रहते हैं।
इससे पहले यहां पहुंचने पर विधायक राजेश नागर का जोरदार स्वागत हुआ। आयोजकों ने उन्हें फूलमालाओं और पगड़ी के साथ सम्मान किया। यहां विधायक नागर ने लोगों का खुलकर अभिवादन स्वीकार किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता गिर्राज शर्मा, ज्ञानचंद भड़ाना, साहिल, योगेश मान, अजय बंसल, अर्जुन वालिया, अमित भारद्वाज सहित सभी आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।