फरीदाबाद। फरीदाबाद के पूर्व विधायक आनंद कौशिक के सेक्टर-9 स्थित कार्यालय में फरीदाबाद नगर निगम के चुनाव को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता डॉ सौरभ शर्मा चेयरमैन सोशल मीडिया कमेटी तथा विनोद कौशिक चेयरमैन विचार विभाग हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने की। इस अवसर पर डॉक्टर सौरभ शर्मा ने उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सोशल मीडिया कमेटी के माध्यम से नगर निगम फरीदाबाद में फैले भ्रष्टाचार को उजागर कर सभी फरीदाबाद वासियों को इससे अवगत कराया जाएगा। भाजपा द्वारा फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी के नाम पर कैसे ठगा है यह मुद्दा भी उठाया जाएगा। आज फरीदाबाद शहर का बुरा हाल हो गया है कांग्रेस सरकार के शासनकाल में इतना बुरा हाल नहीं था।
इस अवसर पर विचार विभाग के अध्यक्ष विनोद कौशिक ने कहा कि भाजपा शासन में फरीदाबाद ही नहीं बल्कि पूरे देश व प्रदेश की जनता का हाल बेहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम फरीदाबाद चुनाव का मेनिफेस्टो लोकल मुद्दों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस मेनिफेस्टो को सोशल मीडिया के माध्यम से सभी वार्ड में सर्कुलेट किया जाएगा।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नीरज गुप्ता, अशोक रावल, इशांत कथरिया प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस कमेटी, सागर कौशिक अध्यक्ष बडकल युवा कांग्रेस कमेटी, उमेश कौशिक, बाबूलाल रवि, विकास दायमा, अनीश पाल, वेदपाल दायमा आदि पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद थे।