फरीदाबाद। हत्या केस में नीमका जेल में बंद एक कैदी बादशाह खान नागरिक अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी के पैर में चोट लगने के बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया था। इस दौरान वो बड़े आराम से वॉकर के सहारे चलते चलते हुए भाग निकला। कैदी के फरार होने की तस्वीरें अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद से पुलिस में हडक़ंप मच गया है और उसकी तलाश अभी जारी है। पुलिस हिरासत से अस्पताल से भागे कैदी की पहचान नाहर उर्फ नवीस के तौर पर हुई है। दरअसल नवीस ने पिछले साल 22 मई को एक व्यक्ति की हत्या की थी। व्यक्ति ने इसे 2000 रुपए देने से इनकार कर दिया था। गुस्साए नवीस ने उसे गोली मार दी थी। हत्या की इस वारदात में गिरफ्तारी के बाद से काफी समय से वह फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद था। बताया गया है कि उसे पेट में दर्द की शिकायत पर नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कैदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया और पुलिस के तमाम आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसीपी अमन यादव का दावा है कि जल्द ही फरार कैदी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्पताल में दाखिल नवीस की सुरक्षा में पांच पुलिसकर्मियों की गारद तैनात की गई थी। उसे जेल से अस्पताल में लाने के बाद पूरी चौकसी में रखा गया था। इसके बावजूद वह बड़े आराम से कमरे से निकला और वॉकर से टहलता हुआ भाग गया। इस दौरान उसके आसपास कोई पुलिस कर्मी नहीं दिखाई दिया। सीसीटीवी में वह अकेला ही जाता हुआ दिखाई दे रहा है।