फरीदाबाद। नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरचरण सिंह खांडिया ने नगर निगम प्रशासन पर सफाई कर्मचारियों को पिछले 1 वर्ष से सफाई के उपकरण झाडू, कोलची, कस्सी, रेहडी, रिक्शा न देने सफाई करने के बाद खत्ते समाप्त कर कूडा डालने का स्थान सुनिश्चित न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में यदि नगर निगम पछड़ता है तो इसके लिए कर्मचारी दोषी नहीं है। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन एवं सरकार की है जो कर्मचारियों को सफाई के उपकरण भी समय पर उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं। श्री खांडिया ने कहा कि यूनियन द्वारा अक्टूबर 2022 में गृहमंत्री एवं प्रधानमंत्री के दौरे के समय भी निगम प्रशासन से सफाई के उपकरण देने की मांग की थी लेकिन कुछ झाडू की सीख व कुछ हाथ रेहड़ी उपलब्ध करवाने के बाद आज तक सफाई के उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं जो हाथ रेहड़ी दी गई वह महीने बाद ही खराब हो होना शुरू हो गई। यूनियन ने रैहड़ी खरीद की जांच करने की भी मांग करते हुए।
आज बीके चौक स्थित नगर निगम कर्मचारी यूनियन कार्यालय में सफाई कर्मचारी यूनियन के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरचरण खांडिय़ा ने निगम प्रशासन पर यह आरोप लगाये। मीटिंग का संचालन सचिव कृष्ण चिंडालिया ने किया।
बैठक में विशेष तौर पर नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, जिला प्रधान दलीप बोहत, सचिव नानक चंद खैरालिया भी उपस्थित रहे।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार पालिका कर्मचारियों से 29 अक्टूबर को किए गए समझौते को लागू करने में टालमटोल कर रही। संघ ने 6 जनवरी को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के हिसार स्थित आवास पर मास डेपुटेशन के साथ मुलाकात की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने तुरंत प्रभाव से मानी गई मांगों को लागू करने का वादा किया था। लेकिन आज तक मानी गई मांगों को लागू नहीं किया गया हैं, इसलिए संघ ने निर्णय लिया है कि 12 फरवरी को मुख्यमंत्री के करनाल आवास पर विशाल प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर 29 अक्टूबर के समझौते को लागू करने की मांग करेगा। श्री शास्त्री ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर 29 अक्टूबर के फैसले को लागू करवाने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया तो नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा निकट भविष्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के लिए मजबूर होगा।
श्री शास्त्री नगर निगम के सभी विभागों के कर्मचारियों से 12 फरवरी को करनाल में होने वाले प्रदर्शन में बढ़-चढक़र भाग लेने की भी अपील की है।
आज की मीटिंग में अन्य के अलावा कर्मी नेता जिला महिला सब कमेटी की नेता सुरेश देवी, नगर निगम महिला सब कमेटी की प्रधान ललिता सफाई, कर्मचारी यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान राकेश चिंडालिया, रघुवीर चौटाला, प्रेमपाल, ओल्ड जोन के प्रधान शक्ति सिंह, बल्लभगढ़ जोन के प्रधान श्रीपाल मौर्या, राजीव, राजवीर सिंह चिंडालिया, हरि सिंह खांडिय़ा, महिला नेता ज्ञानो देवी, शकुंतला, सत्तो देवी, नीतू देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता भी शामिल थे।